मझगवां में नकली किन्नर की अवैध वसूली
परेशान असली किन्नर पंहुचे पुलिस कप्तान के दरबार में

जबलपुर, यशभारत। जिले किन्नरों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते कई दिनों से किन्नर समुदाय के दो गुटों में विवाद बना हुआ है, लेकिन एक बार फिर नकली और असली किन्नरों की लड़ाई अब पुलिस की दहलीज तक पहुंच गई है. गुरुवार को मझगवां क्षेत्र से बड़ी संख्या में असली किन्नर आवेदन लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने एडीशनल एसपी को ज्ञापन देते हुए नकली किन्नर पर कार्रवाई की मांग की है.किन्नरों ने पुलिस को आपबीती सुनाई. किन्नरों ने पुलिस को बताया कि श्लोक नाम का युवक नकली किन्नर बनकर क्षेत्र में अवैध वसूली कर रहा हैं. मना करने पर नकली किन्नर असली किन्नरों को झूठे केस में फंसा देने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा हैं। इस संबंध में थाने में शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की।
एडीशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने किन्नरों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इस पूरे मसले पर मझगवां थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए इसका निपटारा किया जाऐगा।







