भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल-बैरसिया मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: नर्मदा स्नान को जा रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 12 घायल

भोपाल-बैरसिया मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: नर्मदा स्नान को जा रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 12 घायल

भोपाल, यशभारत। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर नर्मदा स्नान की खुशी मातम में बदल गई। बुधवार देर रात बैरसिया के विद्या विहार स्कूल के पास एक तेज रफ्तार पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की भिड़ंत में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

​परखच्चे उड़े, दो हिस्सों में बंटा वाहन
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में टूट गया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री वाहन की बॉडी में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही बैरसिया टीआई वीरेंद्र सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

बच्ची की मृत्यु के बाद पहली संक्रांति पर जा रहे थे स्नान करने
​परिजनों ने बताया कि विदिशा जिले की सिरोंज तहसील के मोहम्मदपुर और मसूरी गांव के ये लोग नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जा रहे थे। परिवार में कुछ समय पूर्व एक बच्ची का निधन हो गया था, जिसके बाद यह उनकी पहली मकर संक्रांति थी। इसी धार्मिक अनुष्ठान के तहत वे नर्मदा स्नान के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें घेर लिया।

​प्रशासनिक अमला पहुंचा अस्पताल
​हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री, एसडीएम आशुतोष शर्मा और एडिशनल एसपी नीरज चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि बैरसिया के शासकीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

​मृतक और घायलों की सूची
​मृतक: लक्ष्मी बाई अहिरवार, मुकेश अहिरवार, बबली बाई, हरी बाई और दीपक अहिरवार।
​घायल: सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप, ज्योति व अन्य।

इनका कहना है कि ….
पुलिस के अनुसार, हादसे का प्राथमिक कारण पिकअप चालक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
बैरसिया टीआई- वीरेंद्र सेन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button