ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने 4 कांवड़ियों को कुचला, वाहन खाई में गिरा

ग्वालियर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज एक भीषण सड़क हादसे में 4 कांवड़ियों की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों को रौंद दिया और अनियंत्रित होकर खुद भी खाई में जा गिरी। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया।
दिल दहला देने वाला मंजर
यह दर्दनाक हादसा ग्वालियर के आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (शिवपुरी लिंक रोड) पर स्थित गिरवाई थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कांवड़ियों का एक समूह सड़क किनारे पैदल चल रहा था, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कांवड़ियों को कुचलने के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई और पास की खाई में जा गिरी।
पुलिस का बयान और घायलों की स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नगर पुलिस अधीक्षक हिना खान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “हमें शीतला माता हाईवे पर हादसे की सूचना मिली थी, जिसमें कुछ कांवड़ यात्री एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को इलाज के लिए जेएएच (जयारोग्य अस्पताल) में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 1 व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।”उन्होंने आगे बताया कि मृतकों के परिजनों के अनुसार, कुल 13 कांवड़ यात्री थे, जिनमें से 6 लोग घायल हुए और दुर्भाग्यवश 4 की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।







