ब्राम्ह नदी में दादा-पोती डूबे, दादा की लाश मिली, पोती की तलाश जारी -पितृपक्ष पर पोती के साथ तर्पण करने पहुंचे थे बुजुर्ग

ब्राम्ह नदी में दादा-पोती डूबे, दादा की लाश मिली, पोती की तलाश जारी
-पितृपक्ष पर पोती के साथ तर्पण करने पहुंचे थे बुजुर्ग
भोपाल, यशभारत।
बैरसिया इलाके से गुजरने वाली ब्राम्ह नदी में बुजुर्ग और उनकी पोती डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से बुजुर्ग का शव बरामद कर लिया, लेकिन बच्ची नहीं मिली। पुलिस एसडीआरएफ की मदद से नदी में बच्ची की तलाश कर रही है। घटना के वक्त बुजुर्ग पितृपक्ष में तर्पण करने पहुंचे र्थे। जहां पर उनकी पोती नदी के गहरे पानी में चली गई, जिसे डूबता देख बुजुर्ग उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए थे।
थाना प्रभारी विरेन्द्र सेन ने बताया कि खजूरिया रामदास निवासी बाबूलाल साहू(60) आज सुबह करीब नौ बजे पितृपक्ष के चलते गांव के पास से गुजरने वाली ब्राम्ह नदी में तर्पण करने पहुंचे थे। उनके साथ 10 साल की पोली चिंकी भी थी। जब वह नदी में तर्पण कर रहे थे, तभी पोती चिंकी नदी में नहाते वक्त गहराई में चली गई और डूबने लगी, यह देख उसके दादा बाबूलाल उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए। इस दौरान दादा-पोली गहराई में डूब गए। घटना का पता चलने पर एसडीएम आशुतोष शर्मा और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर दादा बाबूलाल का शव नदी से बरामद कर लिया है, जबकि उनकी पोती चिंकी की खबर लिखे जाने तक तलाश की जा रही थी।







