मध्य प्रदेश

सरकारी स्कूल की टीचर ने छात्रा से साफ कराया टॉयलेट, मना करने पर डाला प्रेशर

सतना, यशभारत। सरकारी स्कूल की महिला शिक्षक ने एक छात्रा से शौचालय साफ कराया, जिस पर हंगामा हो गया। महिला टीचर ने कक्षा 6 की एक छात्रा से शौचालय धोने के लिए कहा, क्योंकि उसे शौचालय का उपयोग करना था। 9 फरवरी को हुई इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब छात्रा ने घर पहुंचकर अपने माता-पिता को यह बात बताई। बाद में इस मामले की चाइल्ड लाइन और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन में की शिकायत
छात्रा ने बताया कि टीचर ने उसे बुलाया था और इस्तेमाल होने वाले टॉयलेट को साफ करने के लिए कहा था। लड़की ने पहले तो यह कहते हुए शौचालय साफ करने से इनकार कर दिया कि इससे उसे उलटी हो जाएगी, लेकिन जब शिक्षक ने उस पर दबाव डाला, तो उसने यह काम किया। जब उसने घटना अपने माता-पिता को बताई तो उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। मामला जांच के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी को भेजा गया है। लड़की के पिता ने कहा कि उन्होंने पुलिस से इसलिए शिकायत की है ताकि अन्य लड़कियों के साथ ऐसी कोई घटना न हो। उन्होंने कहा कि घटना हुए नौ दिन बीत गए, लेकिन कोई भी जांच के लिए स्कूल नहीं पहुंचा।
पुलिस भी कर रही जांच
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि बच्ची के माता-पिता ने आवेदन के आधार पर जांच की मांग की थी। सिंह ने कहा, इसलिए मामला पुलिस को भेज दिया गया है और डब्ल्यूसीडी भी मामले की जांच करेगी, क्योंकि यह बाल संरक्षण से संबंधित है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने कहा कि आवेदन थाना प्रभारी को भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button