
मुंबई,यशभारत। देशभर के सराफा बाजारों में कीमतें एक बार फिर घटने लगी हैं। सोना और चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कुछ दिनों से गिरावट का दौर जारी है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार बुधवार सुबह तक 24 कैरेट सोने का दाम घटकर 1,22,180 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं चांदी का भाव भी लुढ़कर 1,53,706 रुपये प्रति किलो हो गया।
उधर अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत टूटकर 1,25,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। चांदी की कीमत गिरकर 1,56,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। विदेशी बाजारों में सोना घटकर 4,042.32 डॉलर प्रति औंस रह गया। जबकि चांदी बढ़कर 50.49 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। बहरहाल, बुलियन विशेषज्ञों का कहना है कि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के तीन मुख्य कारण हैं। पहला यह कि अमेरिकी डॉलर फिर मजबूत हो रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना खरीदने के लिए पहले के मुकाबले कम डॉलर चुकाना पड़ रहा है। दूसरा, अमेरिका टैरिफ को लेकर लगातार कई देशों से व्यापार समझौता (ट्रेड डील) कर रहा है। व्यापार तनाव कम होने से अब लोग सुरक्षित निवेश की ओर रुख कम कर रहे हैं। तीसरा, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों में कमी आई है। इसका असर भी कीमतों पर दिखा है। ब्याज दरें न घटने पर डॉलर मजबूत होने लगता है। ऐसे में सोने-चांदी के दाम घटने लगते हैं। जब ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम होती हैं या ब्याज बढ़ने का डर होता है, तो इनकी मांग घट जाती है।







