भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में किन्नर गुटों का गैंगवार: लालघाटी पर लूट और मारपीट के बाद अब जुबानी जंग तेज

भोपाल में किन्नर गुटों का गैंगवार: लालघाटी पर लूट और मारपीट के बाद अब जुबानी जंग तेज

आरोप: पल्लवी पाठक की सोने की चेन लूटी; पलटवार: काजल ठाकुर ने वीडियो जारी कर कहा- 35 साल से मुझे फंसाने की साजिश

भोपाल,यश भारत। राजधानी में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई अब खूनी संघर्ष और लूटपाट तक जा पहुंची है। लालघाटी इलाके में शुक्रवार को हुई मारपीट और लूट की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोहेफिजा पुलिस ने जहां एक ओर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने वीडियो जारी कर पुलिस कमिश्नर से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।

वारदात: बधाई मांगने जाते समय घेरा, फिर झपट ली चेन

मंगलवारा इलाके की किन्नर पल्लवी पाठक ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने साथियों के साथ लालघाटी विजय नगर में बधाई मांगने जा रही थीं। तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोका और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि काजल ठाकुर गुट के शाहरुख नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पल्लवी की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में किन्नरों ने कोहेफिजा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।

सफाई: मैं घर पर सो रही थी, सीसीटीवी देख ले पुलिस

मामले में नाम आने के बाद काजल ठाकुर और मुस्कान मिर्जा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपों को झूठा करार दिया है। काजल ठाकुर ने भावुक होते हुए कहा, मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है। घटना के वक्त मैं अपने घर पर सो रही थी। मुझे पिछले 30-35 सालों से परेशान किया जा रहा है और बार-बार झूठे केसों में फंसाने की कोशिश होती है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी से निवेदन किया है कि यदि वह दोषी हैं तो उन पर कार्रवाई हो, लेकिन झूठे आरोप लगाने वालों की भी जांच की जाए।

पुराने विवाद में नया मोड़

कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला के मुताबिक, मारपीट और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों के बीच क्षेत्र को लेकर पुराना विवाद है। अब पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह पता लगा रही है कि वारदात के समय कौन-कौन मौके पर मौजूद था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button