भोपालमध्य प्रदेश

गांधी परिवार किसानों की आड़ में तलाश रहा राजनीतिक संभावनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

गांधी परिवार किसानों की आड़ में तलाश रहा राजनीतिक संभावनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सदन के बाहर बोले सीएम- कांग्रेस शासन में उद्योगों पर लगे थे ताले, अब नदी जोड़ो अभियान से बदलेगी किसानों की तस्वीर

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और गांधी परिवार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। सदन की कार्यवाही के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार किसानों के हितों की बात नहीं कर रहे, बल्कि उनकी आड़ में अपनी खत्म हो चुकी राजनीतिक जमीन और संभावनाएं तलाश रहे हैं।
विदेशी धरती पर बयानों की निंदा
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के हालिया रुख पर आपत्ति जताते हुए कहा कि देश और विदेश में किसानों के हितों को लेकर जिस तरह की बातें की जा रही हैं, वह निंदनीय हैं। उन्होंने कहा, गांधी परिवार ने हमेशा देश के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। बाबा महाकाल उन्हें सद्बुद्धि दें, क्योंकि अब जनता उनके लिए राजनीति के द्वार कभी नहीं खोलेगी।
कांग्रेस काल में बंद हुए थे उद्योग
औद्योगिक विकास की तुलना करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश और देश की इंडस्ट्री में ताले लग गए थे। कपास से लेकर धागा बनाने वाले उद्योग बर्बाद हो गए थे। इसके विपरीत, आज भाजपा सरकार में कपास उत्पादन से लेकर टेक्सटाइल सेक्टर तक विकास के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में कुछ नहीं हुआ, सिर्फ बर्बादी हुई।
नदी जोड़ो अभियान से खुशहाली का दावा
किसानों के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने नदी जोड़ो अभियान को मील का पत्थर बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इन परियोजनाओं में केंद्र सरकार 90 प्रतिशत और राज्य सरकार 10 प्रतिशत की भागीदारी कर रही है। इससे प्रदेश के लाखों किसानों के खेतों तक पानी पहुँचेगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार के लिए किसान और उनके हित सर्वोपरि हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button