आपकी जेब में घूम रहा धोखा: जबलपुर में फैला नकली नोटों का हाईटेक रैकेट, बाजार से पेट्रोल पंप तक, हर जगह खप रहे नकली नोट — दो बड़े गिरोहों का खुलासा

जबलपुर। शहर में नकली करेंसी का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाला एक सक्रिय गिरोह जबलपुर समेत आस-पास के जिलों में फैल चुका है। पुलिस और एसटीएफ की हालिया कार्रवाई से यह खुलासा हुआ कि गिरोह 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोट हूबहू असली जैसे छापकर खुलेआम चलन में ला रहे हैं।
बेरोजगारों को बना रहे मोहरा
गिरोह बेरोजगार युवाओं को जल्दी अमीर बनने का सपना दिखाकर जाल में फंसा रहे हैं। कुछ को एजेंट बना दिया जाता है, जबकि कुछ से असली नोट लेकर बदले में नकली दिए जाते हैं। कमीशन का लालच देकर इनसे नकली करेंसी बाजार में खपवाई जा रही है।
हर जिले में फैला नेटवर्क, महिलाएं और नाबालिग भी शामिल
इस अवैध कारोबार में महिलाओं और नाबालिगों की भी भूमिका सामने आई है। नेटवर्क कई राज्यों में फैला है और हर जिले में एजेंट सक्रिय हैं, जो स्थानीय स्तर पर नकली नोटों की सप्लाई करते हैं।
शराब दुकानों से लेकर बड़े शोरूम तक नकली नोटों की घुसपैठ
ज्यादा नकली नोट पेट्रोल पंप, शराब के ठेके, थोक बाजार, और मल्टीब्रांड स्टोर्स में खपाए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नकदी लेन-देन करते समय विशेष सतर्कता बरतें और नए नोट मिलने के नाम पर बिना जांच के उन्हें स्वीकार न करें।
कैसे बन रहे हैं नकली नोट?
गिरोह हाईटेक प्रिंटर, कंप्यूटर और विशेष पेपर की मदद से नोट तैयार कर रहे हैं। कटिंग शीट, कटर और स्कैनिंग तकनीक से नकली नोटों को इस तरह छापा जा रहा है कि वह आम आदमी को असली प्रतीत होते हैं।
दो बड़ी कार्रवाइयां जिनसे खुला जाली करेंसी का राज
🟥 कटनी: ऑनलाइन सेंटर से छप रहे थे नोट
24 जुलाई को एसटीएफ ने कटनी में एक ऑनलाइन सेंटर पर छापा मारकर 1.56 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किए। आरोपी पिछले दो वर्षों से सेंटर की आड़ में यह कारोबार कर रहा था।
🟥 जबलपुर: हनुमानताल में 9 लाख के नकली नोट बरामद
20 जून को हनुमानताल पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। 9 लाख रुपये से अधिक की नकली करेंसी के साथ आरोपी पकड़े गए। गिरोह ने जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला सहित कई जिलों में नकली नोट खपाए।
🔴 सावधान रहें — नकली नोट की पहचान करें और किसी भी संदिग्ध नोट की सूचना तुरंत पुलिस को दें।








