रूस की मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्टल में चाकूबाज़ी, चार भारतीय छात्र घायल
सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी

रूस,एजेंसी। रूस के उफ़ा शहर में एक चौंकाने वाली हिंसक घटना सामने आई है, जिसमें चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। यह जानकारी रूस स्थित भारतीय दूतावास ने दी है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बताया कि उफ़ा में हुए इस हमले की घटना बेहद दुखद है। दूतावास के अनुसार, घायलों की मदद और हालात का जायज़ा लेने के लिए अधिकारी उफ़ा रवाना हो रहे हैं।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक़, यह हमला उफ़ा की स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के एक हॉस्टल में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाश्ख़ोर्तोस्तान गणराज्य के उफ़ा शहर में स्थित इस हॉस्टल में एक किशोर चाकू लेकर घुस गया और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। इस चाकूबाज़ी में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार भारतीय छात्र शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।







