इज्तिमा में आरएएफ की चार कंपनियां तैनात

इज्तिमा में आरएएफ की चार कंपनियां तैनात
– दिल्ली विस्फोट के बाद ईटखेड़ी में सुरक्षा के चाक चौबंध इंतजाम
– 12 लाख लोगों के आने का अनुमान, शहर में बढ़ा यातायात का दबाव
यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल में तीन दिनों तक आयोजित होने वाले इज्तिमा में शामिल होने के लिए लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह 5.30 बजे फजर की नमाज के बाद इज्मिता हो गया। दिल्ली में हाल ही में हुई आतंकी घटना के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस बार इज्तिमा में पहली बार आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) की चार कंपनियां तैनात की गई हैं। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से करीब 12 लाख लोग शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार इंडोनेशिया, मलेशिया, सऊदी अरब, ईरान, केन्या, मोरक्को समेत 19 देशों से श्रद्धालु पहुंचे हैं और अभी भी आने का सिलसिला जारी है।
निगरानी के लिए तैनात किए गए ड्रोन
पूरे इज्तिमा स्थल और आसपास के इलाकों में 200 हाई-रिजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटर किया जाएगा। पहली बार 6 ड्रोन भी उड़ाए गए हैं, जो ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के लिए निगरानी करेंगे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह सभी कदम सुरक्षा को ध्यान में देखते हुए उठाए गए हैं। इस साल लगभग 400 विदेशी मेहमान आने की संभावना है। एंट्री पॉइंट्स पर पासपोर्ट और वीजा अनिवार्य किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी डॉक्यूमेंट्स का रियल-टाइम मिलान किया जाएगा। मुख्य पंडाल 120 एकड़, पार्किंग क्षेत्र 350 एकड़ और पूरा आयोजन क्षेत्र लगभग 600 एकड़ में फैला है। प्रशासन ने पार्किंग और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त स्वयंसेवक और पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
यातायात का रहेगा भारी दबाव
नगरीय प्रशासन ने पुराने शहर और इज्तिमा स्थल की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर भारी यातायात दबाव रहने की संभावना जताई है। मुख्य प्रभावित मार्गों में मुबारकपुर, पटेल नगर नया वायपास, गांधी नगर, अयोध्यानगर, रतनागिरी, लाम्बाखेडा, करोंद, पीरगेट, मोती मस्जिद, रॉयल मार्केट, लालघाटी चैराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के लिए वैकल्पिक माग
– राजाभोज एयरपोर्ट के लिए व्हीआईपी रोड और लालघाटी मार्ग।
– मुख्य रेलवे स्टेशन के लिए रोशनपुरा, लिंकरोड, बोर्ड ऑफिस, चेतक ब्रिज, प्रभात चैराहा और 80 फीट रोड मार्ग।
यात्री बसों का डायवर्सन
– सागर, छतरपुर, दमोह, रायसेन, होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बेतूल से आने वाली बसें: आईएसबीटी।
– विदिशा की ओर बसें भानपुर रोटरी पर समाप्त।
– बैरसिया की ओर बसें: बैरागढ़ हलालपुर बस स्टैंड पर समाप्त।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध और डायवर्सन
15 नवम्बर सुबह 7 बजे से बैरसिया रोड से करोंद चैराहा तक सभी भारी वाहन बंद। 17 नवम्बर सुबह 4 बजे से भोपाल में प्रवेश करने वाले भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्व से प्रतिबंधित। वाहन सीहोर, व्यावरा, रायसेन, विदिशा आदि डायवर्ट मार्गों से भेजे जाएंगे।
इज्तिमा में शामिल वाहनों की पार्किंग व्यवस्था
विदिशा, सीहोर, राजगढ़, बैरसिया और भोपाल शहर से आने वाले वाहनों के लिए पृथक-पृथक पार्किंग निर्धारित।
दो-पहिया, चार-पहिया, बस एवं अन्य वाहन निर्धारित पार्किंग में ही पार्क करें।
बॉक्स
क्या होता है इज्तिमा
इज्तिमा का अर्थ सार्वजनिक सभा या सम्मेलन होता है और यह लाखों मुसलमानों का एक स्वैच्छिक इस्लामी समागम है, जो इस्लामी संगठनों द्वारा आयोजित किया जाता है। इसमें लोग एक साथ इक_े होकर इबादत करते हैं, दुआ मांगते हैं और दीनी बातें सीखते हैं। यह विश्व स्तर पर आयोजित होने वाला एक विशाल कार्यक्रम है, जिसमें मुस्लिम समाज के लोग भाग लेते हैं। इज्तिमा अरबी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ है इक_ा होना होता है। यह आमतौर पर इस्लामी संगठनों द्वारा आयोजित किया जाता है और इसमें दुनिया भर के लाखों मुसलमान भाग लेते हैं।
सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं
इज्तिमा के आयोजन स्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, पुलिस के साथ ही अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसे ध्यान में रखते हुए व्यवस्था की गई हैं।
– हरिनारायणचारी मिश्र, कमिश्नर, भोपाल







