देशमुंबई

प्रेम संबंध में रंजिश बनी हत्या की वजह,गोवंडी गोलीकांड में चार गिरफ्तार

18 फरवरी तक पुलिस हिरासत में

मुंबई, यश भारत

मुंबई के गोवंडी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती शिफा तुफैल अहमद शेख की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद शेरमोहम्मद शेख, कलाम अब्दुल सलाम चौधरी, रिजवान समशुद्दीन शेख उर्फ नदीम तथा तबस्सुम शेरमोहम्मद शेख के रूप में हुई है। अदालत ने सभी आरोपियों को 18 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका शिफा शेख गोवंडी के शिवाजीनगर इलाके में रहती थी। उसका रिजवान उर्फ नदीम के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध था। हालांकि नदीम की करीबी तबस्सुम को यह संबंध स्वीकार नहीं था। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद हुआ था। जांच में सामने आया है कि तबस्सुम ने शिफा को नदीम से दूर रहने की चेतावनी दी थी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

मंगलवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे शिफा नाश्ता करने के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके गाल पर लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे नजदीकी शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चेंबूर क्षेत्र से और अन्य दो को गोवंडी से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल नदीम ने उपलब्ध कराई थी। इस अपराध को अंजाम देने में तबस्सुम के साथ उसके भाई साजिद और मित्र कलाम ने सहयोग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button