बैरागढ़ चीचली में खाद्य विभाग का छापा, 50 अवैध गैस सिलेंडर जब्त

बैरागढ़ चीचली में खाद्य विभाग का छापा, 50 अवैध गैस सिलेंडर जब्त
रिहायशी इलाके में चल रहा था अवैध भंडारण
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम ने कोलार क्षेत्र के बैरागढ़ चीचली स्थित एक मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध सिलेंडर बरामद किए। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर दी दबिश
खाद्य विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि बैरागढ़ चीचली के एक घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है और यहाँ से व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना की तस्दीक करने के बाद टीम ने घेराबंदी कर घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के भीतर से 50 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए, जिनका कोई वैध दस्तावेज मौके पर नहीं मिला।
सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा
जांच टीम के अनुसार, रिहायशी इलाके के बीचों-बीच इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का भंडारण न केवल अवैध है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद खतरनाक है। आशंका जताई जा रही है कि यहाँ छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग का खेल भी चल रहा था। विभाग ने सभी 50 सिलेंडरों को जब्त कर लिया है।
कठोर कार्रवाई की तैयारी
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर किस गैस एजेंसी के माध्यम से यहाँ तक पहुंचे।







