भोपाल मंडल से गुजरने वाली 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें अब चलेंगी नियमित नंबर से, यात्रियों को मिलेगी राहत

भोपाल मंडल से गुजरने वाली 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें अब चलेंगी नियमित नंबर से, यात्रियों को मिलेगी राहत
भोपाल, यशभारत। रेलवे बोर्ड ने भोपाल मंडल के रास्ते सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। लंबे समय से स्पेशल नंबर के साथ संचालित हो रही 5 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों को अब नियमित नंबर से चलाने का निर्णय लिया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इन ट्रेनों के नियमित होने से यात्रियों को किराए और सीट उपलब्धता में अधिक स्पष्टता मिलेगी।
इन ट्रेनों के बदले नंबर
रेलवे प्रशासन के अनुसार, हुबली-ऋषिकेश, हिसार-तिरुपति और पुणे-दानापुर जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियाँ अब नए नंबरों के साथ ट्रैक पर दिखेंगी। विस्तृत विवरण निम्नलिखित है:
हुबली-ऋषिकेश-हुबली: वर्तमान नंबर 07363/07364 बदलकर अब 17363/17364 हो जाएगा।
हिसार-तिरुपति-हिसार: वर्तमान नंबर 04717/04718 की जगह अब यह ट्रेन 14723/14724 नंबर से जानी जाएगी।
पुणे-दानापुर-पुणे: स्पेशल नंबर 01449/01450 को बदलकर 11431/11432 कर दिया गया है।
दादर-बलिया-दादर: यह ट्रेन अब 01025/01026 के बजाय 11043/11044 नंबर से चलेगी।
दादर-गोरखपुर-दादर: गाड़ी संख्या 01027/01028 अब नियमित नंबर 11047/11048 के साथ संचालित होगी।
यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
अक्सर स्पेशल ट्रेनों का किराया नियमित ट्रेनों की तुलना में थोड़ा अधिक होता है और उनमें कुछ रियायतें भी सीमित होती हैं। नियमित नंबर मिलने के बाद ये ट्रेनें स्थायी समय-सारणी का हिस्सा बन जाएंगी, जिससे यात्रियों के लिए लंबी अवधि का आरक्षण कराना आसान होगा।







