साड़ियों के अवैध गोदाम में लगी आग, 4 महिलाएं और मासूम समेत 5 की मौत
मकान में करीब 8 टन साड़ियों का स्टॉक रखा हुआ था

साड़ियों के अवैध गोदाम में लगी आग, 4 महिलाएं और मासूम समेत 5 की मौत
सूरत। सूरत के लिंबायत इलाके में मंगलवार दोपहर एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा शामिल है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में करीब 8 टन साड़ियों का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे घर के अंदर चलने तक की जगह नहीं बची थी। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की शुरुआत बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसके बाद गैस सिलेंडर में धमाका हो गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। जांच में सामने आया है कि इस मकान का इस्तेमाल अवैध रूप से साड़ियों के गोदाम के रूप में किया जा रहा था, जहां ज्वलनशील केमिकल फोम भी रखा हुआ था।
हादसे में शाहनाज बेगम अंसारी (65), हुसा बेगम अंसारी (18), शबीन अंसारी (28), परवीन अंसारी (19) और शुभान अंसारी (4) की मौत हो गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






