महिला शिक्षिका ने प्राचार्य पर लगाया छेड़छाड़ और प्रताड़ना का आरोप

महिला शिक्षिका ने प्राचार्य पर लगाया छेड़छाड़ और प्रताड़ना का आरोप
भोपाल,यशभारत। नजीराबाद क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत महिला शिक्षिका द्वारा स्कूल के प्राचार्य पर छेड़छाड़ और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने सोमवार को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय पीड़ित महिला शिक्षिका ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके स्कूल के प्राचार्य, आर.के. शुक्ला (राकेश कुमार शुक्ला), 1 अप्रैल से उनके साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। शिक्षिका का आरोप है कि प्राचार्य मौका मिलते ही छेड़खानी करते थे और उनकी बात न मानने पर उन्हें अलग-अलग तरीकों से मानसिक रूप से परेशान करते थे। पीड़िता ने बताया कि इस व्यवहार के कारण वह काफी मानसिक तनाव में थीं।
दूसरी ओर, आरोपी प्राचार्य राकेश कुमार शुक्ला ने इन आरोपों को निराधार बताया है। प्राचार्य का कहना है कि शिक्षिका को स्कूल देर से आने पर टोका गया था, जिसके प्रतिशोध में उनके खिलाफ यह झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है।
महिला थाने की पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद प्राचार्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







