शहीद प्रधान आरक्षक अभिषेक शिंदे के परिजनों को मिला 1.10 करोड़ रुपये का आर्थिक संबल

जबलपुर। कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले जबलपुर पुलिस के प्रधान आरक्षक स्व. अभिषेक शिंदे के परिवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत, एसबीआई ने शहीद की पत्नी श्रीमती प्रियंका शिंदे को 1 करोड़ 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। यह सहायता राशि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान जबलपुर एसपी सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में प्रदान की गई। इस अवसर पर बैंक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत कर्मचारी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि यादव कॉलोनी चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक अभिषेक शिंदे 27 अगस्त 2025 की रात एक आरोपी को पकड़ने के दौरान कर्तव्य का पालन कर रहे थे। इसी दौरान अधमुक बायपास के पास एक अनियंत्रित बुलेरो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें उपचार हेतु नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली।
इस भावुक क्षण पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि पुलिस विभाग अपने जांबाज कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बैंक द्वारा प्रदान की गई यह राशि शहीद के परिवार को कठिन समय में संबल देगी। कार्यक्रम में एसबीआई के एजीएम अमित भगत, भेड़ाघाट शाखा प्रबंधक नवीन जैन सहित रक्षित निरीक्षक जयप्रकाश आर्य व अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।







