MP कांग्रेस में संगठन सृजन की कवायद तेज: AICC के बाद PCC ने भी नियुक्त किए ऑब्जर्वर, बड़े नेताओं को मिली जिम्मेदारी

भोपाल: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के नक्शेकदम पर चलते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने भी अब संगठन सृजन के लिए बड़े नेताओं को मैदान में उतारा है। प्रदेश कांग्रेस ने AICC द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर के साथ मिलकर काम करने के लिए अपने पीसीसी ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। इन ऑब्जर्वर की टीम अगले 20 दिनों में संगठन सृजन का कार्य पूरा करेगी और जिला अध्यक्षों के नाम का पैनल बनाकर दिल्ली भेजेगी।
पीसीसी ऑब्जर्वर के रूप में जिन प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, उनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, अजय सिंह सहित कई वरिष्ठ विधायक शामिल हैं।
बताया गया है कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को बालाघाट जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये सभी पीसीसी ऑब्जर्वर अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर स्थानीय कांग्रेस विधायक, अन्य जनप्रतिनिधियों और आम जनता से मुलाकात करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन करना और जिला अध्यक्ष पद के लिए योग्य दावेदारों की पहचान करना है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्षों का अंतिम फैसला दिल्ली में AICC द्वारा लिया जाएगा। AICC और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर मिलकर जिला अध्यक्ष पद के लिए संभावित नामों का पैनल तैयार करेंगे। दिल्ली में हर दावेदार से बातचीत के बाद ही अंतिम नाम पर मुहर लगेगी। कांग्रेस का यह कदम आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।









