जबलपुर में बिना हेलमेट- बिना सीट बेल्ट इन सड़कों पर बैन हो जाएगी एंट्री, पुलिस का नवाचार

जबलपुर, यशभारत। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर हेलमेट के साथ-साथ चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की शहर वासियों को आदत डलवाने जबलपुर पुलिस एक और नवाचार करने जा रही है। जिसके तहत अब शहर की दो व्यस्ततम सड़कों पर विशेष जोन बनाए जा रहे हैं। इन सड़कों पर दो पहिया वाहनचालकों को बगैर हेलमेट पहने और चार पहिया वाहन में बगैर सीट बेल्ट लगाए एंट्री ही नहीं दी जाएगी।
इमरजेंसी में इश्यू होंगे हेलमेट
जबलपुर एसपी एपी सिंह ने बताया कि शहर में विभिन्न थानों की पुलिस अपने-अपने प्वांइट्स पर हेलमेट और सीट बेल्ट चैकिंग का अभियान जारी रखेगी, लेकिन इन विशेष जोन में बगैर हेलमेट और सीट बेल्ट के एंट्री ही नहीं दी जाएगी। इमरजेंसी स्वरूप सीमित मात्रा में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट इश्यू किए जा सकेंगे।
शुरुआत में सदर गणेश चौक से पेंटी नाका और चुंगी चौकी से इलाहाबाद बैंक चौक तक ये जोन बनाए जाएंगे। जबलपुर एसपी ने दावा किया है कि इन दो जोन्स में आर्मी एरिया की तरह किसी भी सूरत में बगैर हेलमेट और सीटबेल्ट एंट्री नहीं दी जाएगी। इसके लिए सुबह 11 से 2 और शाम को 6 बजे से 9 बजे तक के समय यह अभियान चलाया जाएगा। अब देखना यह होगा कि जबलपुर पुलिस बगैर किसी विवाद के इस अभियान को कब तक चला पाती है।







