भोपालमध्य प्रदेश

इटारसी के वर्कशॉप में खाली गैस टैंकर फटा: वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट, 8 लोग गंभीर रूप से घायल

इटारसी के वर्कशॉप में खाली गैस टैंकर फटा: वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट, 8 लोग गंभीर रूप से घायल

भोपाल, यशभारत: होशंगाबाद जिले के इटारसी के खेड़ा क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। खेड़ा स्थित एक वर्कशॉप में मरम्मत के दौरान खाली एथेन गैस टैंकर में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें वर्कशॉप कर्मचारियों और सड़क से गुजर रहे राहगीरों समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

वेल्डिंग के दौरान हुआ विस्फोट

जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर से इंडियन ऑयल के लिए एथेन गैस लेकर आया टैंकर खाली होने के बाद मरम्मत के लिए खेड़ा स्थित आकाश इंजीनियरिंग वर्कशॉप में लाया गया था।

मंगलवार शाम को वर्कशॉप में टैंकर की कमानी पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वेल्डिंग के दौरान अचानक इतना तेज धमाका हुआ कि टैंकर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पुर्जे लगभग 200 मीटर दूर तक जा गिरे।

राहगीर भी आए चपेट में

घायलों में वर्कशॉप के कर्मचारी और सड़क से गुजर रहे लोग शामिल हैं। घायलों में शहजाद खान (कर्मचारी), नीरज पाल (राहगीर), उनकी माँ भाग रति पाल और साले रवि पाल शामिल हैं। खंडवा से अपनी माँ का इलाज कराकर लौट रहे बाइक सवार नीरज पाल ने बताया कि वह टैंकर के पास से गुजर रहे थे तभी ब्लास्ट हुआ और वह करीब 50 फीट दूर फिंका गए।

प्रमुख घायल:

शहजाद खान (58), कर्मचारी, पैर में गंभीर चोट।

नीरज पाल (24) और भाग रति पाल (40), मां-बेटे, चेहरे पर गंभीर चोटें।

रवि पाल (22), नीरज सिंह (ड्राइवर), साहिल पाल, साहिल यादव और आकाश मालदार।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ‘अर्थिंग से बैटरी केबिन में विस्फोट’ हादसे की सूचना मिलते ही एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला मौके पर पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया है कि कमानी में काम करते समय अर्थिंग की वजह से बैटरी केबिन में विस्फोट हुआ है।

पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि खाली गैस टैंकर में वेल्डिंग करते समय सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया गया था या नहीं। टैंकर ड्राइवर नीरज सिंह ने बताया कि टायर से कमानी टकरा रही थी, जिसके कारण पत्ती कटवाने का काम चल रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button