देश

“5 राज्यों में चुनाव का ऐलान: 17.4 करोड़ वोटर करेंगे मतदान, EVM पर दिखेंगे प्रत्याशियों के रंगीन फोटो”

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दी जानकारी

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पांच राज्यों में होने वाले चुनावों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार चुनाव प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए कई नए इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक असम और केरल में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।

CEC ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पांच राज्यों में कुल 824 सीटों पर चुनाव होगा और इस बार लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए EVM में प्रत्याशियों के कलर फोटो भी दिखाई देंगे। इसके साथ ही एक मोबाइल ऐप के जरिए मतदाताओं को चुनाव से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

चुनाव की तैयारी को लेकर आयोग ने बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं। करीब 25 लाख चुनाव अधिकारियों को तैनात किया गया है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 8.5 लाख सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे।

असम में लगभग 31 हजार पोलिंग बूथ बनाए गए हैं और मतगणना के लिए करीब 40 हजार कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। वहीं पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि सभी राज्यों में मतगणना 4 मई को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह भी कहा कि चुनाव प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) किया गया है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और अद्यतन रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button