ज़ख्मी हालत में मिली वृद्ध महिला, अस्पताल में मौत

ज़ख्मी हालत में मिली वृद्ध महिला, अस्पताल में मौत
बेटी के घर से लौट रही थी वृद्धा, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कबाबची रेस्टोरेंट के पास एक वृद्ध महिला के लहुलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुँची 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बेटी के घर से घर के लिए निकली थी वृद्धा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ईंटखेड़ी थाना अंतर्गत लोटस गार्डन के पीछे रहने वाली महिला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वृद्धा रविवार शाम करीब 5:00 बजे जहांगीराबाद स्थित अपनी बेटी के घर से अपने घर जाने के लिए रवाना हुई थी। लेकिन घर पहुँचने से पहले ही रास्ते में वह संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं।
घटना की जानकारी मिलते ही वृद्धा के परिजन बदहवास हालत में हमीदिया अस्पताल पहुँचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा कर परिवार वालो को सौप दिया है। शुरुआती तौर पर यह मामला सड़क दुर्घटना का है या किसी हमले का, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
वही घटनास्थल के आसपास और कबाबची रेस्टोरेंट के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला वहां तक कैसे पहुँची और उनके साथ क्या हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।






