आठ लड़के तीन गाड़ियां पेट्रोल डलवाया और हो गये रफू चक्कर, पीछे दौड़ा पंप कर्मी गिरकर हुआ घायल

जबलपुर यश भारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र के आदिवासी छात्रावास के सामने स्थित पेट्रोल पंप में मंगलवार तडके तीन गाड़ियों में सवार होकर आठ लड़के पहुंचे और एक के बाद एक गाड़ियों में पेट्रोल डलवाया लेकिन जब पैसे देने की बारी आई तो गाड़ियां स्टार्ट करके रफू चक्कर हो गये। इन्हे भागते देख पंप कर्मी ने दौड़कर पीछा भी किया लेकिन लड़खड़ाकर वह गिर गया जिससे उसके पैर में चोट आई है। यह पूरा वाक्या पंप के सीसीटीवी में भी कैद हो गया है। तडके 4:28 मिनिट पर हुई घटना की रिपोर्ट गोहलपुर पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर पतासाजी करने में लगी है। पूरी घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अन्य पंप कर्मी सुमित पटेल ने बताया कि पंप 24 घंटे खुला रहता है रात की पाली में अश्विनी गर्ग और दूसरे कर्मचारियों की ड्यूटी थी तड़के करीब 4:30 बजे तीन गाड़ियों में 8 लड़के आए और उन्होंने करीब ₹1200 का पेट्रोल गाड़ियों में डलवाया जब पैसा देने की बारी आई तो सभी लड़के गाड़ी स्टार्ट कर तेज रफ्तार से भागने लगे पंप कर्मी ने दौड़कर पीछा करना चाहा लेकिन गिर गया जिससे उसके पैर में चोट आई है। पंप कर्मी ने बताया कि दो गाड़ियां बगैर नंबर की थी जबकि तीसरी गाड़ी में नंबर लिखा था जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।







