तलाकशुदा महिलाओं से झांसा देकर रेप, न्यूड वीडियो बनाया, लाखों रूपए हड़प लिए -आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज, शादी डॉट कॉम के माध्यम से संपर्क में आया आरोपी

तलाकशुदा महिलाओं से झांसा देकर रेप, न्यूड वीडियो बनाया, लाखों रूपए हड़प लिए
-आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज, शादी डॉट कॉम के माध्यम से संपर्क में आया आरोपी
भोपाल, यशभारत।
बागसेवनिया इलाके में रहने वाली दो तलाकशुदा महिलाओं के साथ एक युवक ने शादी डॉट कॉम से संपर्क कर शादी का प्रपोजल दिया और फिर उन्हें झांसे में लेकर उनके साथ बलात्कार किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पीडि़ताओं से बिजनेस के नाम पर लाखों रूपए व जेवरात भी हड़प कर लिए। आरोपी ने एक महिला का तो न्यूड वीडियो भी बना लिया। इस काम में आरोपी की पत्नी ने भी उसका साथ दिया। पुलिस ने दोनों पीडि़ताओं की शिकायत पर आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ बलात्कार समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थाना पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 34 वर्षीय महिला प्राइवेट नौकरी करती है और उसका अपने पति से तलाक हो चुका है। महिला ने दूसरी शादी करने के लिए शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल डाली थी। पिछले साल अविनाश प्रजापति ने महिला की प्रोफाइल देखकर उससे शादी करने के लिए संपर्क किया। बातचीत के दौरान अविनाश ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है और वह अपनी बुजुर्ग मां व बेटे के साथ रहता है। वह एक छोटा बिजनेस भी करता है। इसी के बाद आरोपी ने महिला को मिलने के लिए प्रगति गार्डन कॉलोनी में बुलाया और शादी करने का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी ने महिला को अपने विश्वास में लेकर बिजनेस के नाम पर उसके नाम से 7 लाख रूपए से ज्यादा को लोन करा लिया और जेवरात भी ले लिए। आरोपी ने दिसंबर 2024 के लगातार महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर हाल ही में शादी से इनकार कर दिया। इस पूरे मामले में आरोपी की पत्नी चंद्रिका पालीवाल ने भी उसकी मदद की है।
न्यूड वीडियो बनाया, 35 लाख भी हड़प लिए-
इसी तहर आरोपी अविनाश प्रजापति ने इलाके में रहने वाली एक तलाकशुदा महिला को भी अपना शिकार बनाया और उससे करीब 35.60 लाख रूपए हड़प लिए। आरोपी ने पीडि़ता का न्यूड वीडियो भी बनाया। पुलिस ने बताया कि 33 वर्षीय महिला एक बैंक में नौकरी करती है। उसका अपने पति से तलाक हो चुका है, उसने भी शादी के लिए शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल डाली थी। इसी प्रोफाइल से आरोपी अविनाश ने महिला से संपर्क कर शादी का प्रस्ताव रखा था। आारोपी ने पीडि़ता को भी बिजनेस के बारे में बताया और उसके साथ मेलजोल बढ़ा कर अपने मकान पर बुलाकर बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी ने पीडि़ता से करीब 35.60 लाख रूपए हड़प लिए और इसी साल अप्रैल से लगातार महिला का शोषण किया। आरोपी ने एक बार महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसका न्यूड वीडियो भी बना लिया था, इस अपराध में भी आरोपी की पत्नी चंद्रिका जयसवाल ने उसका साथ दिया।
रिसोर्ट बुलाकर रेप किया-
रातीबड़ थाना पुलिस ने बताया कि इलाके में रहने वाली 49 वर्षीय महिला गृहणी है और ब्यूटी पार्लर चलाती है। उसका अपने पति से विवाद के चलते कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। इसी बीच महिला ने दूसरी शादी करने के लिए शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल डाली थी। इसके बाद अजमेर राजस्थान के महेश भगवानी ने महिला से शादी करने के लिए संपर्क किया। गत 5 मार्च को आरोपी राजस्थान से भोपाल आया और महिला को नीलबड़ स्थित जलसा रिट्रीट में बुलाया और झांसा देकर उसके साथ जबरन बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।







