जबलपुरमध्य प्रदेश

प्रार्थना सभा के दौरान विवाद, दो पक्षों में झड़प; पुलिस ने उपद्रवियों को लिया हिरासत में

धर्मांतरण का आरोप

जबलपुर,यशभारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर में स्थित एक प्रार्थना भवन में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब प्रार्थना सभा के दौरान धर्म परिवर्तन की सूचना मिलने पर हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों और परिषद के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की नौबत आ गई।

हिंदू सेवा परिषद के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रार्थना भवन में पैसों और जमीन का लालच देकर हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इसी सूचना के आधार पर वे मौके पर पहुंचे थे। उनका कहना है कि विरोध करने पर वहां मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

वहीं दूसरी ओर मसीह समाज के लोगों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वे रोजाना की तरह प्रार्थना सभा में शांतिपूर्वक प्रार्थना कर रहे थे, तभी कुछ लोग नारेबाजी करते हुए अंदर घुसे और मारपीट व तोड़फोड़ शुरू कर दी। मसीह समाज का आरोप है कि उन पर धर्मांतरण का झूठा आरोप लगाया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने उपद्रव करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button