उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का जबलपुर दौराः डॉक्टरों की कमी है, 3 हजार की भर्ती होगी

जबलपुर, यशभारत। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने जबलपुर प्रवास के दौरान कहा कि जबलपुर सहित पूरे प्रदेश के मेडिकल अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी जल्द दूर होगी। चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पूरी तरह से गंभीर है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा मरीजों को बेहतर इलाज मिले इसके प्रयास किए जा रहे हैं। डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए 3 हजार डॉक्टरों की भर्ती होगी यह प्रस्ताव कैबिनेट में पास होगा। इसी तरह संजीवनी क्लीनिक में स्टाफ की कमी को भी दूर किया जाएगा और ये तब संभव है जब डॉक्टरों की भर्ती होगी। उपमुख्यमंत्री ने दो विधानसभा में होने जा रहे उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि दोनों सीटों पर भाजपा प्रचंड बहुमतों से जीतेगी। यह बात ऐसे ही नहीं कही जा रही है क्योंकि जिस तरह से भाजपा सरकार ने विकास कार्य कराए हैं उससे प्रभावित होकर जनता ने आर्शीवाद दिया है। दोनों सीटों के मतदाता पूरी तरह से मन बन चुकें हैं कि भाजपा के प्रत्याशियों को ही जिताना है।
हाथियों की मौत कैसे हुई जांच होगी
बांधवगढ़ उमरिया में हाथियों की मौत मामले में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये घटना दुर्भाग्यपूर्ण है किस वजह से मौत हुई है इसकी जानकारी वनविभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से ली जाएगी। इतने सारे हाथियों की मौत होना संदेहास्पद है, पूरे मामले की जांच होगी।
तीन माह के अंदर होगी भर्तियां
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने अपने प्रवास के दौरान कहा कि डॉक्टर और स्टाफ की कमी के कारण लोगों को सही इलाज नहीं मिल पाता है इसी कमी को दूर करने के लिए मोहन सरकार ने तय किया है कि दो से तीन माह के अंदर डॉक्टरों की भर्तियां की जाएगी। भर्तियां होते ही पूरे प्रदेश में 33 हजार का स्टाफ बढ़ जाएगा। इससे उपस्वास्थ्य केंद्र से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की कमी दूर हो जाएगी।