असमय बारिश , ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग तेज नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र, सर्वे और मुआवजे में तेजी लाने का आग्रह

असमय बारिश , ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग तेज
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र, सर्वे और मुआवजे में तेजी लाने का आग्रह
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश में हाल ही में हुई असमय वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान को लेकर राजनीतिक स्तर पर चिंता बढ़ गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर त्वरित राहत कार्यवाही की मांग की है। पत्र में उन्होंने प्रदेश के भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, बड़वानी, बैतूल और रायसेन , नरसिंहपुर , सहित कई जिलों में गेहूं, सरसों और चना की फसलों को हुए व्यापक नुकसान का उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर खड़ी फसल के साथ साथ कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज भी बारिश और ओलावृष्टि से खराब हो गई जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य MSP पर खरीदी समय पर शुरू नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज लंबे समय तक खुले में रखना पड़ा जिससे नुकसान और बढ़ गया। मांग प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व और कृषि विभाग के माध्यम से शीघ्र, पारदर्शी और समयबद्ध सर्वे कराया जाए । वास्तविक नुकसान के आधार पर किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए । वर्षा से प्रभावित उपज के लिए गुणवत्ता मानकों में व्यवहारिक छूट दी जाए, ताकि किसानों की उपज खरीदी से वंचित न हो। सिंघार ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि किसानों की स्थिति को देखते हुए त्वरित निर्णय लिए जाएं, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके।







