
निगम सदन में बहस, बाहर धरना शहर के मुद्दों पर गरमाई राजनीति
जबलपुर, यश भारत। जबलपुर नगर निगम की आज हुई सदन बैठक में शहर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा के साथ राजनीतिक माहौल भी खासा गरमाया रहा। सदन के भीतर नाम परिवर्तन, जीएसटी और पर्यावरण जैसे विषयों पर बहस चली, वहीं बाहर कांग्रेस पार्षदों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा लेकर धरना-प्रदर्शन किया। सदन बैठक में नेता प्रतिपक्ष सहित कई पार्षद मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर के विभिन्न चौराहों और स्थानों के नाम परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावों को एजेंडे में रखने की मांग उठी। पार्षदों ने कहा कि जिन स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव सामने आए हैं, उन पर सदन में
विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। इसी दौरान जीएसटी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों ने कहा कि जीएसटी को सरल और प्रभावी बनाने के जो दावे किए गए थे, उनकी स्थिति पर सदन में चर्चा जरूरी है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों को भी बैठक में रखा गया।
सदन के बाहर कांग्रेस पार्षदों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा लेकर धरना दिया और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ और ‘गांधी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगाए गए। यह धरना मनरेगा के नाम परिवर्तन सहित गांधी विचारधारा से जुड़े मुद्दों
को लेकर किया गया। पार्षद हर्षित यादव ने बताया कि बैठक में महापौर, निगमायुक्त और सभी सदस्य उपस्थित रहे तथा समाचार लिखे जाने तक कई मुद्दों पर चर्चा हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि सदन में उठाए गए विषयों पर आगे भी विचार और बहस जारी रहेगी।







