जबलपुरमध्य प्रदेश

नये साल के पहले दिन मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़

दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना

जबलपुर,यशभारत। नये साल की शुरुआत संस्कारधानी में आस्था, उल्लास और पर्यटन के माहौल के साथ हुई। वर्ष के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शहर एवं आसपास के मंदिरों में पूजा-अर्चना की और मां रेवा सहित विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

तेवर स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब

नये साल के अवसर पर तेवर स्थित प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इसके साथ ही भजन-कीर्तन सहित विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर भक्तिमय वातावरण बनाया गया।

पिकनिक स्पॉट्स रहे फुल

पूजन-अर्चन के बाद लोगों ने परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक स्पॉट्स और पर्यटन स्थलों का रुख किया। साल के पहले दिन शहर के उद्यान और आसपास के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार नजर आए। भेड़ाघाट, धुआंधार, लम्हेटा घाट, बरगी डैम, बगदरी फॉल, टेमर फॉल, परियट जलाशय, भंवरताल उद्यान, टैगोर उद्यान, डुमना नेचर पार्क और गौरीघाट सहित अन्य स्थलों पर दिनभर भीड़ रही। भंवरताल उद्यान में सुबह से ही लोग परिवार के साथ घूमने पहुंचे। यहां बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, वहीं युवाओं ने परिवार के साथ विभिन्न खेल खेले।

भेड़ाघाट-धुआंधार बने प्रमुख आकर्षण

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रपात में भी पर्यटकों का तांता लगा रहा। लोगों ने धुआंधार के मनोरम सौंदर्य का आनंद लिया और पंचवटी क्षेत्र में नौका विहार भी किया।

डुमना नेचर पार्क में पिकनिक का आनंद

डुमना नेचर पार्क में भी नये साल के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचे। लगभग दो हजार एकड़ में फैले इस पार्क में मोर, चीतल, बंदर सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षी और खंदारी जलाशय पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
कुल मिलाकर नये साल के पहले दिन संस्कारधानी में धार्मिक आस्था, पारिवारिक उल्लास और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button