भोपाल में बेखौफ अपराधी: नाबालिग से दुष्कर्म और युवतियों के शोषण के चार मामले दर्ज

भोपाल में बेखौफ अपराधी: नाबालिग से दुष्कर्म और युवतियों के शोषण के चार मामले दर्ज
मिसरोद में ई-रिक्शा चालक ने नाबालिग को अगवा कर किया दुष्कर्म, प्रसव के बाद हुआ खुलासा; बैरसिया और गौतम नगर में शादी का झांसा देकर शोषण।
भोपाल,यशभारत। राजधानी में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा दांव पर है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म, अपहरण और छेड़छाड़ के चार सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। सबसे चौंकाने वाला मामला मिसरोद इलाके का है, जहां एक ई-रिक्शा चालक ने नाबालिग को नशीला पदार्थ सुंघाकर हवस का शिकार बनाया।
केस 1: बेहोश कर सुनसान जगह ले गया रिक्शा चालक
मिसरोद पुलिस के मुताबिक, विदिशा की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग बीते साल मार्च में अपने माता-पिता से मिलने भोपाल आई थी। रेलवे स्टेशन से उसने घर जाने के लिए एक ई-रिक्शा बुक किया। रास्ते में चालक ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और मिसरोद की एक सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता डर के कारण चुप रही, लेकिन जब हाल ही में उसकी तबीयत बिगड़ी और जेपी अस्पताल में उसने नवजात को जन्म दिया, तब मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
केस 2: रिश्तेदार ने ही तोड़ा भरोसा
बैरसिया क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ उसके ही रिश्तेदार पवन ने शादी का झांसा देकर एक साल तक शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
केस 3: मेल नर्स ने सहकर्मी को बनाया शिकार
गौतम नगर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में पदस्थ 25 वर्षीय नर्स ने अपने ही सहकर्मी (मेल नर्स) पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। दोनों के बीच दोस्ती थी और आरोपी ने शादी का वादा कर चौकसे नगर स्थित कमरे में संबंध बनाए। शादी से मुकरने पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
केस 4: मनचले की अश्लील हरकतें
शहर बजरिया इलाके में 22 वर्षीय युवती का पीछा करने और अश्लील फब्तियां कसने का मामला सामने आया है। राकेश नामक युवक लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीछा करने और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मिसरोद मामले में हुलिए के आधार पर ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। अन्य मामलों में भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।







