ढाई महीने से नहीं हुई निगम परिषद की बैठक: कांग्रेस ने अधिनियम उल्लंघन का लगाया आरोप

ढाई महीने से नहीं हुई निगम परिषद की बैठक: कांग्रेस ने अधिनियम उल्लंघन का लगाया आरोप
भोपाल, यशभारत। नगर निगम परिषद की बैठक निर्धारित समय पर न होने को लेकर एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस ने जल्दी बैठक बुलाने की मांग करते हुए सत्ता पक्ष पर नगर निगम अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
ढाई महीने बाद भी बैठक नहीं, नियम का उल्लंघन
नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार परिषद की बैठक 2 महीने के भीतर हो जानी चाहिए, लेकिन ढाई महीने बीत चुके हैं। जकी ने इसे निगम अधिनियम का सीधा उल्लंघन बताया और आरोप लगाया कि हर बार विपक्ष के दबाव या कमिश्नर से शिकायत के बाद ही बैठक बुलाई जाती है।
जनहित के मुद्दों को एजेंडे में शामिल करने की मांग
कांग्रेस पार्षदों ने न सिर्फ जल्द तारीख तय करने की मांग की है, बल्कि एजेंडे में जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल करने पर भी ज़ोर दिया है। उनकी प्रमुख मांगों में जर्जर सड़कें, सीवेज की समस्या, पेयजल सप्लाई और निगमकर्मियों के वेतन जैसे विषय शामिल हैं।
कमिश्नर से शिकायत की तैयारी
विपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बैठक नहीं बुलाई गई, तो वे कमिश्नर संजीव सिंह को शिकायत करेंगे। यह तीसरी बार है जब बैठक में देरी हुई है। इससे पहले दो बार विलंब होने पर कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर से मुलाकात की थी, जिसके बाद निगम अध्यक्ष को नोटिस भी जारी किया गया था।







