भोपाल स्लॉटर हाउस का कांग्रेस प्रतिनिधित्व मंडल ने किया निरीक्षण

भोपाल स्लॉटर हाउस का कांग्रेस प्रतिनिधित्व मंडल ने किया निरीक्षण
भोपाल, यशभारत। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने आज जिंसी स्थित स्लॉटर हाउस पहुँचकर विस्तृत स्थल निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। प्रतिनिधि मंडल ने पाया कि जहाँ एक ओर सामने का मुख्य द्वार सील दर्शाया गया था, वहीं दूसरी ओर पीछे का दरवाज़ा खुला हुआ मिला, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि प्रशासन को गुमराह करते हुए पीछे के रास्ते से अनैतिक एवं अवैध गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं।
निरीक्षण के समय मौके पर स्लॉटर हाउस संचालक असलम चमड़ा के निजी वाहन तथा नगर निगम के वाहन भी बाहर खड़े पाए गए। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई कि निरीक्षण की सूचना मिलते ही महत्वपूर्ण फाइलों, दस्तावेज़ों एवं सबूतों को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था, जो पूरे मामले को और अधिक गंभीर बनाता है।
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल के हस्तक्षेप के बाद पूरा स्लॉटर हाउस तत्काल प्रभाव से पूर्णतः सीलबंद करवाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि आगे न हो सके और साक्ष्यों से छेड़छाड़ न की जा सके। कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे प्रकरण को प्रशासनिक लापरवाही और संभावित मिलीभगत का परिणाम बताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव श्री अमित शर्मा, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज सहित कांग्रेस पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और पारदर्शिता के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा।







