संगठन सृजन प्रशिक्षण के नौवें दिन कांग्रेस ने फूंका नया दम

संगठन सृजन प्रशिक्षण के नौवें दिन कांग्रेस ने फूंका नया दम
ब्लॉक, पंचायत और ग्राम स्तर तक संगठन विस्तार का रोडमैप तैयार
यशभारत, पचमढ़ी। कांग्रेस संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन आज (10 नवम्बर) पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समन्वय पर गहन मंथन हुआ। शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश नेतृत्व ने जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक तंत्र को सुदृढ़ करने और जनता का विश्वास जीतने के लिए विस्तृत कार्ययोजना सौंपी।

वंदे मातरम् से शुरुआत, मजबूत तंत्र पर जोर
शिविर के नौवें दिन की शुरुआत देशभक्ति के गीत “वंदे मातरम्” और झंडा वंदन के साथ हुई। सत्र में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह कोषाध्यक्ष विजय सिंगला ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कांग्रेस का संगठन केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि यह देश के हर कोने में पार्टी की विचारधारा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने हर कार्यकर्ता से संगठन की नींव को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
सामाजिक समन्वय से जनसंपर्क होगा सशक्त
एआईसीसी सीडब्ल्यूसी सदस्य मीनाक्षी नटराजन ने सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ सहयोग और संवाद स्थापित करके ही कांग्रेस अपने जनसंपर्क तंत्र को और अधिक सशक्त बना सकती है।

जीतू पटवारी ने जिला अध्यक्षों को दिया ‘अभयदान’
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सकारात्मक सोच को संगठन की शक्ति बताया।
पटवारी ने जिला अध्यक्षों को आश्वस्त करते हुए कहा, “जिला अध्यक्षों के अधिकारों की रक्षा करना प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मेरी जिम्मेदारी है। आप सब ईमानदारी से संगठन की दृढ़ता के लिए काम करें, मैं पूरी तनमयता से आपके साथ खड़ा हूँ।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अध्यक्षों की समस्याओं का समाधान करना उनका दायित्व है।
ग्राम स्तर तक संगठन विस्तार, परफॉर्मेंस आधारित कार्य
अध्यक्ष पटवारी ने आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ब्लॉक, पंचायत और ग्राम स्तर तक संगठन को ले जाने के लिए रोड मैप प्रस्तुत किया और कहा कि परफॉर्मेंस बेस कार्ययोजना ही प्राथमिकता होगी।
उन्होंने संगठन में महिलाओं, एससी, एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनके हक व अधिकार की आवाज़ बुलंद करने पर विशेष बल दिया।
“जनता का विश्वास ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत”
वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर बोलते हुए, श्री पटवारी ने दावा किया कि जनता भाजपा से पूरी तरह परेशान है और कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए हर वर्ग के लिए सशक्त और दृढ़ता के साथ आवाज उठानी होगी। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से ग्राम स्तर तक जनता से जुड़े हर मुद्दे को पूरी तटस्थता के साथ उठाने का संकल्प लेने को कहा, क्योंकि “जनता का विश्वास ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।” शिविर में सभी जिला अध्यक्षों को संगठन की संरचना, कार्ययोजना और जनसंपर्क के नए प्रारूप पर प्रशिक्षण दिया गया, जिसके बाद सभी ने संगठन सृजन के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







