दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत

दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत
हिंदू वोटरों को परेशान करने का आरोप
यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। एक प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने हिंदू मतदाताओं को टारगेट कर उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से झूठी शिकायत की थी। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बताया कि रिटर्निंग ऑफिसर और बीएलओ की जांच में सभी मतदाता सही पाए गए थे। इसके बावजूद दबाव बनाकर कुछ लोगों से एफिडेविट लगवाए गए थे।
मामले में रहवासी मतदाता पोखन लाल साहू ने निर्वाचन अधिकारी को अपने काउंटर एफिडेविट सौंपे हैं।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि 7 मार्च को दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने चुनाव आयोग में शिकायत करते हुए नरेला क्षेत्र की रतन कॉलोनी के एक घर में 30 सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने का दावा किया था। प्रतिनिधि मंडल का आरोप है कि जिन लोगों के नाम शिकायत में शामिल किए गए थे, उनसे दबाव बनाकर हस्ताक्षर करवाए गए। साथ ही उन्होंने कहा कि एसडीएम स्तर पर हुई जांच में दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला का दावा गलत साबित हुआ है। प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।







