सीएम बोले यह आर्थिक मदद नहीं प्रतिभा का सम्मान है -प्रदेश के 94234 छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए राशि ट्रांसफर

सीएम बोले यह आर्थिक मदद नहीं प्रतिभा का सम्मान है
-प्रदेश के 94234 छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए राशि ट्रांसफर
यशभारत भोपाल। प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए आज का दिन खास बन गया। दरअसल, इसकी वजह है, उनके खातों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा राशि का हस्तातंरण करना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक मदद नहीं , बल्कि प्रतिभा का सम्मान है। मुख्यमंत्री द्वारा शुक्रवार को प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में यह राशि हस्तांतरित की गई। जिसमें प्रदेशभर के 500 से अधिक छात्र-शिक्षक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। यह उनकी मेहनत का परिणाम है। योजना के तहत दी जाने वाली राशि सिर्फ आर्थिक मदद नहीं बल्कि प्रतिभाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि तकनीक सफलता की कुंजी है, और एक लैपटॉप छात्रों को भविष्य संवारने में मदद कर सकता है। इस दौरान इस साल के 94,234 विद्यार्थियों को 235 करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की राशि दी गई है। इससे पहले वर्ष 2023-24 में 89,710 छात्रों को 224 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई थी।
इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान :
भोपाल में जिन छात्रों को सम्मानित किया गया है उनमें प्रियल द्विवेदी महैर , हर्ष पाण्ड सतना, अभय सिंह सीधी, आर्यन पाण्डे रीवा, हिना देवी शाहडोल, हरिओम साहू अमरवाडा छिंदवाडा, साकेत दुब गाडरवाड, रघुवीर गौतम समनापुर डिडौरी, गार्गी अग्रवाल दमोह, दिवाव्णु तिवारी सीधी, दीपिका सिंह सतना, पार्थ राठौर सीहोर, योग्यता टंक लहार भिंड, निशु पंडित भोपाल, प्रांजल कुशवाह भोपाल के नाम शामिल हैं।







