पीसीसी कार्यालय पर टकराव के आसार, घेराव से पहले शक्ति प्रदर्शन
भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने,

पीसीसी कार्यालय पर टकराव के आसार, घेराव से पहले शक्ति प्रदर्शन
भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने,
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के घेराव की घोषणा के बाद राजधानी भोपाल में सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया है। सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पीसीसी कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
कार्यालय परिसर के बाहर जुटे कई कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर सुरक्षा के उद्देश्य से मौजूद दिखाई दिए। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पार्टी कार्यालय की रक्षा के लिए एकत्र हुए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी गांधीवादी विचारधारा में विश्वास रखती है, लेकिन यदि कोई आक्रामक रुख अपनाता है तो उसका जवाब भी उसी प्रकार दिया जाएगा। उनका यह भी कहना है कि युवाओं को किसानों, रोजगार, तथा सभी वर्ग और समुदाय के अधिकारों के लिए संघर्ष करना चाहिए, न कि राजनीतिक टकराव बढ़ाने के लिए। कुछ कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी की लड़ाई में विदेशी शासन के खिलाफ संघर्ष किया था और देश को स्वतंत्र कराया था। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि उकसावे की स्थिति बनी तो भाजपा कार्यकर्ताओं का भी मुकाबला किया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।







