छत्तीसगढ़देश

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से, पहले दिन श्रद्धांजलि और सरकारी कार्यवाही; विपक्ष करेगा सरकार का घेराव

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार

रायपुर,यशभारत। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया हैं। पहले दिन सदन में लोक कलाकार तीजन बाई सहित अन्य दिवंगत विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सरकार सदन के पटल पर अपने कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेगी। सत्र के पहले दिन दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी सूचीबद्ध किए गए हैं।

सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सुबह कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सदन की कार्यवाही और एजेंडे पर चर्चा हुई। सरकार फरवरी-मार्च सत्र के प्रश्नों के उत्तर, उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी तथा राज्यपाल की ओर से पुनर्विचार के लिए लौटाए गए विधेयकों को भी सदन में प्रस्तुत करेगी।

किसानों, बिजली और जल योजना पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस

मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी किसानों को खाद की कमी, बढ़ते बिजली बिल, ‘हर घर नल का जल’ योजना की धीमी प्रगति और नकटी क्षेत्र में मकान तोड़े जाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उनका आरोप है कि राज्य सरकार इन मामलों में पूरी तरह विफल रही है।

14 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस

कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की भी घोषणा की है। दीपक बैज ने कहा कि राज्य की जनता का सरकार पर भरोसा खत्म हो चुका है, इसलिए कांग्रेस 14 जुलाई को सदन में अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button