भोपाल

गिरिबाला सिंह के घर पहुंची सीबीआई की जांच टीम – सीबीआई की डीएसपी निशु कुशवाहा को बनाया मामले का जांच अधिकारी

गिरिबाला सिंह के घर पहुंची सीबीआई की जांच टीम
– सीबीआई की डीएसपी निशु कुशवाहा को बनाया मामले का जांच अधिकारी
– मामले से जुड़े लोगों के फोन रिकॉर्ड की होगी जांच
भोपाल, यश भारत। पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने तेज कर दी है। मंगलवार को सीबीआई की विशेष टीम सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के कटारा हिल्स स्थित निवास पर पहुंची, जहां मामले से जुड़े दस्तावेजों और सबूतों को लेकर जांच पड़ताल की गई। महिला अधिकारियों समेत सीबीआई की स्पेशल क्राइम यूूनिट सुबह से ही गिरिबाला सिंह के घर पर मौजूद रही। सीबीआई ने मामले की जांच औपचारिक रूप से अपने हाथ में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीबीआई ने राज्य पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर को अपनी प्रक्रिया के तहत दोबारा पंजीबद्ध किया है। मामले में आरोपी के तौर पर समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के नाम शामिल हैं। जांच एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु), धारा 85 (पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) और धारा 3(5) के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ाई है।
ट्विशा शर्मा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी में दिए गए दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का कहना है कि घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीडऩ ने 33 वर्षीय ट्विशा को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर किया। इधर, गिरिबाला सिंह ने मीडिया में दिए गए अपने बयानों में ट्विशा की मानसिक स्थिति और इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं। आरोपी पति समर्थ सिंह को 10 दिनों तक फरार रहने के बाद जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। भोपाल अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
सीबीआई की डीएसपी निशु कुशवाहा को इस मामले का जांच अधिकारी बनाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि सीबीआई विशेष अदालत में आवेदन देकर समर्थ सिंह की रिमांड भी मांग सकती है। मामले में एक और अहम मोड़ तब आया, जब ट्विशा के परिजनों ने अदालत में आवेदन देकर मांग की कि 12 मई की रात से 20 मई तक गिरिबाला सिंह की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सुरक्षित रखी जाए। माना जा रहा है कि फोन रिकॉर्ड जांच में कई महत्वपूर्ण खुलासे कर सकते हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली एम्स की डॉक्टरों की टीम ने भोपाल में ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम भी किया है। परिजनों ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच में लापरवाही की आशंका जताई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button