पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अंबेडकर पार्क में धरना, भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल

पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अंबेडकर पार्क में धरना, भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में माध्यमिक शिक्षक वर्ग-2 एवं प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों ने पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर राजधानी भोपाल के अंबेडकर पार्क में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेशभर से पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में संशोधन की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती में घोषित पदों की संख्या बेहद कम है, जिसके कारण बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवार चयन से वंचित रह गए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा पास करने और मेरिट में आने के बावजूद सीमित पदों के चलते उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पा रही है।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार भोपाल आ चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही पदों की संख्या नहीं बढ़ाई गई, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देने के लिए बाध्य होंगे।
धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की कि रिक्त पदों का सही आकलन कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और अधिक से अधिक पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि योग्य उम्मीदवारों के साथ न्याय हो सके।
प्रशासन की ओर से फिलहाल प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।







