जीजा ने साले की हत्या की, गले, पेट, जांघ और पांव पर किए चाकू से चार वार

जीजा ने साले की हत्या की, गले, पेट, जांघ और पांव पर किए चाकू से चार वार
मृतक के साथियों ने बचाने का प्रयास तक नहीं किया; पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गुनगा इलाके में एक जीजा ने अपनी पत्नी को भड़काने के शक में साले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी जीजा लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय कर अपने ससुराल पहुंचा और बहस के करीब सात घंटे बाद वारदात को अंजाम दिया। घायल युवक ने रविवार तड़के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खादमपुर निवासी 22 वर्षीय अब्दुल उर्फ अब्दुल्ला खां ट्रक ड्राइवरी करता था। उसकी बहन का पति भूरा खान (निवासी ग्राम डोबरा, रातीबड़) पिछले दो महीने से मायके में बैठी अपनी पत्नी को लेने शनिवार दोपहर ससुराल आया था। दोपहर को आरोपी भूरा खान ने पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाया, लेकिन पत्नी ने इनकार कर दिया। इस बात पर आरोपी और ससुराल वालों के बीच तीखी बहस हुई। आरोपी को शक था कि उसका साला अब्दुल ही उसकी पत्नी को भड़का रहा है और उसका घर बिगाड़ रहा है, जिसके कारण पत्नी साथ जाने को राजी नहीं है। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका जवाब मृतक अब्दुल ने भी बदसलूकी से दिया।
40 किमी दूर से आकर लिया बदला
इस बहस से आग-बबूला होकर आरोपी भूरा खान अपने गांव डोबरा (करीब 40 किमी दूर) लौट गया। गुस्से में वह चाकू लेकर शाम को फिर खादमपुर लौटा। रात करीब 8 बजे उसने तलाश कर अब्दुल को पकड़ा, जो अपनी 407 गाड़ी पर काम कर रहा था। आरोपी ने अचानक अब्दुल पर चाकू से चार वार कर दिए— गले, पेट, जांघ और पांव पर।
थाना प्रभारी कृष्णा ठाकुर ने बताया कि घटना के समय अब्दुल के साथ अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसे बचाने की हिम्मत नहीं की। परिजन घायल अब्दुल को तुरंत हमीदिया अस्पताल ले गए, जहाँ रविवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी भूरा खान के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।






