घमापुर थाना क्षेत्र में बमबाजी और गोलीकांड,
स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल

घमापुर थाना क्षेत्र में बमबाजी और गोलीकांड,
स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल
जबलपुर, यश भारत। जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र के सिद्ध बाबा वार्ड में एक बार फिर अपराध का तांडव देखने को मिला। शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे मोहल्ले में गोलीबारी, बमबाजी और तोड़फोड़ की घटनाओं ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। इस घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि एक गाड़ी में आग भी लगा दी गई।
क्या है घटना का पूरा विवरण
मामले में विकास प्रजापति नामक युवक ने बताया कि वह सब्जी का ठेला लगाता है। जब वह घर लौटा और सब्जियां उतार रहा था, तभी सानू कोरी और शुभम कोरी नाम के दो युवकों ने आकर उससे पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके माथे पर बंदूक से हमला किया। जब उसके पिता ने इसका विरोध किया, तो उन्हें भी धमकाया गया।
स्थानीय निवासी संतोष ठाकुर ने बताया कि आधी रात को अचानक बम फटने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर देखा कि कुछ युवक तलवार और लाठियों से वाहनों को तोड़फोड़ कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने गोली चला दी और बम भी फेंके।
इलाके में असुरक्षा का माहौल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां असामाजिक गतिविधियां बहुत बढ़ गई हैं। आरोप है कि इलाके में कुछ महिलाएं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिससे बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इन बाहरी लोगों की वजह से मोहल्ले में आए दिन झगड़े और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं।
निवासियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना के बाद घमापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर महज 10 मिनट मौके पर आकर लौट गई।
मौके से तीन जिंदा बम बरामद
घटना स्थल से तीन जिंदा बम बरामद हुए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस अब तक किसी ठोस कार्रवाई को अंजाम नहीं दे पाई है। इस घटना में कुल छह वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से एक में आग लगा दी गई। विकास प्रजापति को सिर में चोट आई है, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों की अपील
मोहल्ले के निवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। घटना की जांच जारी है, और पुलिस ने भरोसा दिया है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।