जन्मदिन पर आतिशबाजी को लेकर खूनी संघर्ष, महिला सिपाही के पति समेत 5 गिरफ्तार

जन्मदिन पर आतिशबाजी को लेकर खूनी संघर्ष, महिला सिपाही के पति समेत 5 गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर में बेटी के जन्मदिन का जश्न उस वक्त हंगामे और हिंसा में बदल गया, जब एक महिला पुलिसकर्मी के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोस के युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक का सिर फट गया है। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्य आरोपी (पुलिसकर्मी के पति) सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला पुलिसकर्मी के घर पर उनकी बेटी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। जश्न के दौरान घर के बाहर सड़क पर पटाखे फोड़े जा रहे थे। पास ही कुछ युवक अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। युवकों ने वहां पटाखे फोड़ने से मना किया और आपत्ति जताई। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि पुलिसकर्मी का परिवार और उनके दोस्त तैश में आ गए।
लाठी-डंडों से किया हमला
विवाद बढ़ने पर महिला पुलिसकर्मी के पति ने अपने चार अन्य दोस्तों के साथ मिलकर युवकों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद लोगो ने बताया कि, हमला इतना अचानक और तेज था कि युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमले में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सरेराह मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद कमला नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई। पुलिस ने दबिश देकर महिला सिपाही के पति और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
इनका कहना है…
विवाद की सूचना मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। कानून सबके लिए समान है, इसलिए साक्ष्यों के आधार पर महिला पुलिसकर्मी के पति समेत पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी, कमला नगर- निरुपा पांडे







