शहपुरा में अंधी हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, शराब पीने के बाद हुआ था विवाद

जबलपुर, यशभारत। शहपुरा थाना क्षेत्र में मिली एक अज्ञात युवक की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 20 दिसंबर 2025 की है, जब जबलपुर–भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 पर ग्राम पौड़ी सीता सरोवर के पास झाड़ियों में एक युवक का रक्तरंजित शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी शहपुरा प्रवीण धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया तथा मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए गए।
सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान अजय बरया (26 वर्ष) पिता कुवरमन बरया, निवासी ग्राम सुनहरा, थाना बम्हनी बंजर, जिला मंडला के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि अजय 16 दिसंबर को अपनी पत्नी को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर लाया था। 17 दिसंबर को पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया। 19 दिसंबर की शाम अजय मेडिकल कॉलेज से अपने घर लौटने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
मामले में थाना शहपुरा में अपराध क्रमांक 553/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें एक सफेद रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट कार संदिग्ध रूप से शहपुरा टोल प्लाजा से लेकर अंधमुख बायपास तक आती-जाती दिखाई दी। फुटेज के आधार पर थाना गढ़ा क्षेत्र में एक मकान के पास उक्त कार खड़ी होना पाई गई। आगे के फुटेज में सामने आया कि अजय बरया त्रिपुरी चौक स्थित शराब दुकान से शराब पीने के बाद पैदल जाते हुए कुछ युवकों से विवाद में उलझा। इसके बाद चार युवकों ने उसके साथ मारपीट कर जबरन घर के अंदर ले जाकर देर रात लगभग 1 बजे बेसबॉल व अन्य हथियारों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को कपड़े में लपेटकर सफेद स्विफ्ट कार में रखकर चारों आरोपी टोल नाका किसरौद शहपुरा के पहले शव को झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों—
नमन तंतुवाय (25),
अंकित कोरी (25),
साहिल कोरी (25), तीनों निवासी गढ़ा पुरवा थाना गढ़ा,
अंकित उर्फ अंतु कोरी (18), निवासी हटा जिला दमोह—
को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार जब्त की गई।







