चार श्रम संहिताओं के विरोध में प्रदेशभर में काला दिवस

चार श्रम संहिताओं के विरोध में प्रदेशभर में काला दिवस
भोपाल यश भारत । मध्यप्रदेश में ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को चार नई श्रम संहिताओं के विरोध में काला दिवस मनाया गया। राजधानी भोपाल सहित इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, सतना और सागर समेत कई जिलों में श्रमिकों ने काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाले और विरोध प्रदर्शन किए।
भोपाल में विभिन्न श्रमिक संगठनों के बैनर तले कर्मचारियों ने एकजुट होकर श्रम संहिताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान श्रमिकों ने कार्यस्थलों पर काली पट्टी पहनकर विरोध दर्ज कराया और नारेबाजी की।
प्रदर्शन में इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी सहित सेवा, बैंक, बीमा और बीएसएनएल से जुड़े संगठनों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया कि नई श्रम संहिताएं मजदूर विरोधी हैं और इससे श्रमिकों के अधिकार प्रभावित होंगे। संयुक्त मोर्चा के अनुसार, विरोध के तहत प्रदेशभर में जुलूस, धरना-प्रदर्शन और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रमिकों ने सरकार से मांग की कि इन श्रम संहिताओं को वापस लिया जाए और श्रमिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ट्रेड यूनियनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







