तंत्र-मंत्र की क्रिया के आरोप से बिलपुरा में सनसनी, थाने पहुंचे परिजन

जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत बिलपुरा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तंत्र-मंत्र की क्रिया के आरोप से हड़कंप मच गया। घटना तब सामने आई जब एक घर में आयोजित कन्या भोज के दौरान बच्चियों ने अजीब स्थिति देख भय महसूस किया और घबराकर वहां से भाग निकलीं।
जानकारी के अनुसार, एक महिला ने कन्याओं को भोज के लिए अपने घर आमंत्रित किया था। आरोप है कि कन्याओं के पहुंचने पर परिवारजनों का व्यवहार सामान्य नहीं था, जिससे बच्चियां डर गईं। जब वे वहां से निकलने लगीं तो परिजनों ने दरवाजे बंद कर दिए। हालांकि, बच्चियां किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहीं और घर जाकर अपने पालकों को पूरी घटना बताई।
घटना सुनकर आक्रोशित परिजन बड़ी संख्या में रांझी थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने आरोप लगाया कि भोज के दौरान तांत्रिक क्रियाओं का भय बच्चियों के मन में बैठ गया, जिसके कारण वे सहम गईं।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।







