अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत,देवी सुरैया मोड पर सड़क हादसा
चालक की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर यशभारत । जिले के पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवी सुरैया मोड़ पर एक अज्ञात वाहन चालक ने वाहन चालक को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए बाइक सवार 21 वर्षीय सिमरिया निवासी शुभम मेहरा पिता मिलन मेहरा जबरदस्त टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि शुभम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुभम मेहरा अपने गांव सिमरिया से बाइक में सवार होकर सहजपुर की ओर जा रहा था तभी वह बीच रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला वाहन अज्ञात है। जो मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार को संभलने का मौका भी नहीं मिला। पाटन थाना पुलिस को सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार वाहन तथा उसके चालक की तलाश में जुटी है।







