भोपाल का टिंबर मार्केट फिर दहका, 50 फीट ऊंची उठीं लपटें, दीवार गिरने से 4 घायल

भोपाल का टिंबर मार्केट फिर दहका, 50 फीट ऊंची उठीं लपटें, दीवार गिरने से 4 घायल
सबक नहीं लिया: 45 दिन पहले भी जला था टिंबर मार्केट, शिफ्टिंग की फाइल धूल खा रही और शहर जल रहा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुल पात्रा स्थित टिंबर मार्केट में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसने भोपाल डेकोरेटर शोरूम और उससे सटी आरा मशीन को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के दौरान आरा मशीन की एक पक्की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो कर्मचारियों समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोहा पिघला, धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखा
मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार, आग सुबह करीब 2:45 बजे लगी। शुरुआती एक घंटे में लपटें 50 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गईं। गर्मी का आलम यह था कि शोरूम की लोहे की टिन की चादरें तक पिघल गईं। नगर निगम के बैरागढ़, फतेहगढ़, कबाड़खाना और भेल समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से 22 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 8 बजे के आसपास आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
रेलवे ट्रैक के करीब था खतरा जिस स्थान पर आग लगी, वहां से रेलवे ट्रैक मात्र 50 मीटर की दूरी पर है। आगजनी के दौरान वहां से कई ट्रेनें गुजरीं, हालांकि रेल यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से भारत टॉकीज और बोगदा पुल की ओर से आने वाला रास्ता बंद कर दिया था और इलाके की बिजली काट दी गई थी।
‘बारूद’ के ढेर पर शहर का बीचों-बीच हिस्सा
डेढ़ महीने में दूसरी बड़ी घटना: इससे पहले 9 नवंबर को भी इसी मार्केट में भीषण आग लगी थी। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। शिफ्टिंग की फाइल धूल खा रही: मेट्रो प्रोजेक्ट और सुरक्षा के लिए टिंबर मार्केट को शिफ्ट करने की योजना 1.5 साल से लंबित है। प्रशासन 18 एकड़ जमीन और 5.85 करोड़ जारी कर चुका है, लेकिन धरातल पर अब तक शिफ्टिंग शुरू नहीं हुई।
इनका कहना है…
शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दीवार गिरने से घायल हुए लोगों को उचित उपचार दिलाया जा रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है। बार-बार हो रही इन घटनाओं की जांच की जाएगी और शिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
भोपाल कलेक्टर- कौशलेन्द्र विक्रम सिंह







