भोपाल में हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा, एक्सीडेंट की फर्जी सूचना देने वाला ही निकला हत्यारा

भोपाल में हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा, एक्सीडेंट की फर्जी सूचना देने वाला ही निकला हत्यारा
भोपाल, यशभारत राजधानी की कोलार रोड पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा मात्र छह घंटे के भीतर कर दिया है। हत्या को दुर्घटना दिखाने की साज़िश रचते हुए डायल 112 पर फर्जी सूचना देने वाले मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शराब दुकान के पास मिली थी लाश
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती देर रात की है। पुलिस को डायल 112 वाहन से सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव शराब की दुकान के पास पड़ा है और आशंका है कि उसकी मौत अज्ञात वाहन एक्सीडेंट में हुई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में अज्ञात वाहन एक्सीडेंट का मामला दर्ज किया।
जांच में खुली हत्या की पोल
मौके पर पहुंची पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान और घटनास्थल पर दुर्घटना के साक्ष्य न मिलने के कारण हत्या का संदेह गहराया। एफएसएल रिपोर्ट से भी पुष्टि हुई कि यह मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी।
पुलिस ने सोशल मीडिया और मुखबिरों की मदद से मृतक की पहचान कनहैया सिंह लोधी (48 वर्ष), निवासी गांधी नगर, कोलार रोड के रूप में की।
फर्जी सूचना देने वाला पकड़ाया
जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी एक्सीडेंट सूचना देने वाले व्यक्ति के टावर लोकेशन को ट्रैक किया। आरोपी की पहचान नितिश विश्वकर्मा उर्फ नन्ना (25 वर्ष) के रूप में हुई। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ही पुलिस को गुमराह करने और कनहैया लोधी की हत्या को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए झूठी सूचना दी थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नितिश विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्होंने जुर्म कबूल कर लिया है।







