भोपालः रु1500 के विवाद में बीटेक छात्र का सरेराह अपहरण, 11 हजार वसूले

भोपालः रु1500 के विवाद में बीटेक छात्र का सरेराह अपहरण, 11 हजार वसूले
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके एमपी नगर में अपहरण और वसूली का मामला सामने आया है। ऑनलाइन लूडो गेम में हार के महज 1500 रुपए न चुका पाने पर चार छात्रों ने अपने ही साथी बीटेक छात्र का सरेराह अपहरण कर लिया। आरोपियों ने युवक को कार में बंधक बनाकर कोलार इलाके में ले जाकर मारपीट की और डरा-धमका कर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 11 हजार रुपए ऐंठ लिए। एमपी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चाय की चुस्की के साथ शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, जहांगीराबाद निवासी 23 वर्षीय अभय चौहान, जो एक निजी कॉलेज से बीटेक कर रहा है, शुक्रवार रात एमपी नगर जोन-2 स्थित चाय-सुट्टा बार पर अपने परिचितों के साथ बैठा था। वहां मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान अभय ₹1500 हार गया। जब उसने तुरंत पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी अमन सोनी, रोहित अहिरवार, मुन्ना वारिस और लक्की ने उसे जबरन कार में बैठा लिया।
डिजिटल वॉलेट से कराई जबरन वसूली
आरोपी छात्र अभय को कोलार के सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर अभय के मोबाइल से अलग-अलग क्यूआर कोड पर कुल ₹11,128 ट्रांसफर करवा लिए। रकम वसूलने के बाद आरोपी पीड़ित को वापस उसी जगह छोड़ कर फरार हो गए जहां से उसे उठाया था।
चारों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश
पीड़ित की शिकायत पर एमपी नगर पुलिस ने सक्रियता दिखाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अवैध वसूली की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।







