भोपाल

भोपाल: नाले में बोरे में बंद मिली युवक की लाश; पुलिस जाँच में जुटी

भोपाल: नाले में बोरे में बंद मिली युवक की लाश; पुलिस जाँच में जुटी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 80 फीट रोड स्थित पुष्पा नगर के नाले में एक बोरे में बंद लाश मिली। प्राथमिक तौर पर यह शव किसी युवक का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय लोगों ने सुबह नाले में एक बोरा देखा, जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत अशोका गार्डन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को नाले से बाहर निकाला, जिसके अंदर एक युवक का शव मिला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है और उसके सड़ने के कारण ही दुर्गंध आ रही थी।
मौके पर पुलिस बल और FSL:
सूचना मिलते ही अशोका गार्डन थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। FSL टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच का दायरा:
पुलिस फिलहाल शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में बंद कर नाले में फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आसपास के गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं और हत्यारों का सुराग पाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं।
अशोका गार्डन पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button